गरियाबंद / अग्निवीर मुद्दे पर असामाजिक तत्वों द्वारा की जा रही हिंसा व आगजनी पर कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों द्वारा इसके लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराये जाने पर पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों को लताड़ लगाई है . श्री साहू ने कहा कि ये वही कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां हैं जो खुद को महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलने वाली बताती हैं . महात्मा गांधी आज विश्व में अहिंसा के सबसे बड़े पर्याय हैं . लेकिन कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां आज अग्निवीर मुद्दे पर मोदी सरकार का विरोध करते हुए हिंसा व आगजनी कर रहे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध एक शब्द भी नहीं बोलकर उन्हें अपना मौन समर्थन दे रहे हैं . यही कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों का असली चरित्र है . श्री साहू ने कहा कि मुद्दों की राजनीति पर मोदी सरकार से हमेशा मुंह की खाने वाली कांग्रेस व विपक्षी पार्टियां देशवासियों को लगातार मोदी सरकार के विरुद्ध भड़काने का प्रयास कर रही हैं, फिर इसके लिए चाहे देशभर में ही आग क्यों न लग जाय . विशेषकर कांग्रेस पार्टी नेशनल हेराल्ड मुद्दे पर गांधी परिवार को बचाने के लिए इन असामाजिक तत्वों को बढ़ावा दे रही है . लेकिन मोदी सरकार, ओछी राजनीति करने वाली कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों के साथ-साथ असामाजिक तत्वों से भी निपटना बखूबी जानती है . श्री साहू ने कहा कि भारत एक महान लोकतांत्रिक देश है और यहां हर किसी को विरोध प्रदर्शन करने की पूरी अनुमति है . शर्त यह है कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए . लेकिन यहां अग्निवीर मुद्दे पर कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों के बहकावे में आकर असामाजिक तत्व हिंसा और आगजनी कर रहे हैं इससे देश को तो आर्थिक क्षति पहुंच ही रही है, साथ ही साथ हिंसा व आगजनी में लिप्त नासमझ युवाओं का भविष्य भी बर्बाद हो जाएगा . यह दुर्भाग्य ही है कि पढ़े-लिखे युवा भी कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों के इस षड्यंत्र को नहीं समझ पा रहे हैं . श्री साहू ने कहा कि नासमझी में आज जो युवा हिंसा व आगजनी कर अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, उन्हें आने वाले दिनों में अग्निवीर योजना के फायदे मालूम हो जाएंगे और जिसके बाद वे अपने द्वारा किए जा रहे आज के कृत्य के लिए अपने आप को कोसते रहेंगे . श्री साहू ने कहा कि भाजपा द्वारा बनाई जाने वाली प्रत्येक योजना देश हित में होती हैं, जिन्हें काफी सोच समझकर और गहन चिंतन-मनन के बाद लागू किया जाता है . अग्निवीर भी ऐसी ही योजना है . इसका स्वागत किया जाना चाहिए ना कि बहिष्कार, वह भी हिंसात्मक तरीके से . श्री साहू ने अंत में देश के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा, देशहित को आगे रखें और कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों के बहकावे में आकर ऐसा कोई भी कृत्य ना करें, जिससे देश की संपत्तियों को क्षति पहुंचे और देशवासियों में दहशत पैदा हो . युवा "अग्नि (आग) लगाने वाले" की जगह "अग्निवीर" बनें .
Saturday, June 18, 2022
Home
Unlabelled
अग्निवीर मुद्दे पर कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों के बहकावे में आकर असामाजिक तत्व हिंसा और आगजनी कर रहे हैं - पिछड़ा वर्ग मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू
अग्निवीर मुद्दे पर कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों के बहकावे में आकर असामाजिक तत्व हिंसा और आगजनी कर रहे हैं - पिछड़ा वर्ग मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू
About Chandan sahu
Name:- Mr.chadrahas sahu
