(चन्दन साहू ) जिला गरियाबंद
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने समारोह की तैयारी के लिए अधिकारियों की बैठक ली
कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर ने कहा कि शासकीय भवनों/स्कूलों में 26 जनवरी को गाइडलाईन को ध्यान में रखते हुए ध्वजारोहण व संध्या होने के पूर्व निर्धारित समय में ध्वज उतारने का कार्य किया जाये। अधिकारी ध्यान रखे ध्वज स्वच्छ हो व सही तरीके से फहराया गया हो। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के तहत शासन से प्राप्त मार्गदर्शन के आधार पर जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह व शासकीय भवनों में ध्वजारोहण किया जायेगा। विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शित होने वाली झांकियों में सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं को प्रदर्शित करते हुए छत्तीसगढ़ के रीति-रिवाज, परम्परा और संस्कृति को समाहित किया जा सकता है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने समारोह स्थल पुलिस परेड ग्राऊंड में जमीन की लैबलिंग, बैठक व्यवस्था, रोशनी, पंडाल, पार्किंग, बैरिकेटिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था के बारे में चर्चा कर अधिकारियों को दायित्व सौंपे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सौंपे गये दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। श्री क्षीरसागर ने विद्युत विभाग को कार्यक्रम के दौरान निर्बाद्ध विद्युत आपूर्ति एवं पीएचई को पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिये। बैठक में समारोह स्थल में मंच संचालन, स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, शहीद परिवारों के लिए बैठक व्यवस्था, शासकीय कार्यो के निर्वहन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित करने और समारोह में प्रदर्शित होने वाले कार्यक्रमों के रिहर्सल सहित समारोह आयोजन के विभिन्न विषयों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। मुख्य समारोह में विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों सम्मानित किया जायेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सम्पूर्ण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी होंगे।
