गरियाबंद / राजिम :- शास.रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल राजिम में आज शासन की सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत विद्यालय कक्षा 9वीं की 6 बालिकाओं को सायकल वितरित किया गया। इस योजना का लाभ प्राप्त करने का विद्यालय का यह पहला अवसर था क्योंकि अब तक यह स्कूल केवल बालकों के लिए ही था किंतु स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शिक्षा योजना अंतर्गत आने के कारण अब इस विद्यालय में बालकों के साथ बालिकाएं भी अध्ययन कर रही हैं।तथा सरस्वती साइकिल योजना का लाभ बालिकाओं को ही मिलता है। प्रारंभ में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि विद्यालय देर से प्रारंभ होने के कारण इस योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। लेकिन प्राचार्य संजय एक्का की सक्रियता और बी ईओ चंद्रशेखर मिश्रा के प्रयास से यह संभव हो सका । इसलिए विद्यालय में साईकिल वितरण कार्यक्रम मेंअत्यंत उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय के महान दानदाता स्व श्री रामबिशाल पाण्डेय के सुपुत्र श्री लोकेश पाण्डेय जी मुख्य अतिथि के रूप में एवं श्री विकास तिवारी अध्यक्ष किसान संघ राजिम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्राचार्य संजय एक्का ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्षों पहले पं राम बिशाल पाण्डेय जी ने शिक्षा के पुण्य कार्य को आगे बढ़ाने के लिए इस भूमि को दान मे देकर शिक्षा के क्षेत्र में समाज सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पहले यह केवल बालकों के लिए ही था लेकिन बालिका शिक्षा को आगे बढ़ाने की योजना के तहत पहली बार इस विद्यालय में बालिकाओं का भी प्रवेश हुआ है। और शासन की सरस्वती योजना का लाभ पहले ही वर्ष में हमारी बालिकाओं को मिल रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि उस महान दानदाता के पुत्र लोकेश पाण्डेय जी स्वयं इस कार्यक्रम में उपस्थित हैं।
महान दानदाता के पुत्र लोकेश पांडेय जी ने अंग्रेजी शासनकाल में अपने पिता द्वारा देशभक्त क्रांतिकारियों के प्रति जो समाज सेवा किया उसे उसे याद करते हुए प्रसन्नता व्यक्त किया कि उनके पिता का शिक्षा के लिए शुरू किया गया पुण्य कार्य आज इस विद्यालय के रूप में बहुत ऊंचाई की ओर जा रहा है। उन्होंने प्राचार्य संजय एक्का की कार्यप्रणाली एवं शिक्षकों की भी प्रशंसा की एवं साइकिल प्राप्त करने वाले बालिकाओं को शुभकामनाएं दिया। किसान संघ के अध्यक्ष विकास तिवारी ने बालिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि सभी बच्चे विशेषता लड़कियां शिक्षा के क्षेत्र में काफी आगे बढ़े इसलिए शासन ने ऐसी योजनाएं लागू की है जिससे बालिकाओं को प्रोत्साहन मिले। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में कैलाश साहू, जितेन्द्र साहु, जमील अहमद, नारायण साहू, अंगेश गंगेले, नेहा सिंह, मोनिका मालवीय उपासना भगत का योगदान रहा। कार्यक्रम में संतोष सूर्यवंशी व्याख्याता, अभिभावक समिति के सदस्य मनीष दुबे, अमजद खान, मंजु साहू, महेंद्र कश्यप आदि भी अतिथि के रुप में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन साक्षी जपे व्याख्याता ने किया। पिंकी तारक व्याख्याता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
