गरियाबंद। केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने गरियाबंद में नामांकन पत्र दाखिल रैली के पहले आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस की घोटालेबाज सरकार को उखाड़ फेंकने का आहवान किया। उन्होंने राजिम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रोहित साहू और बिंद्रानवागढ़ से गोवर्धन मांझी को भारी मतों से जिताने की अपील जनता से की। श्रीमती लेखी ने अपने संबोधन की शुरुवात भगवान राजीव लोचन, भूतेश्वरनाथ महादेव को नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि राम राज में घी मिले, कृष्ण राज में दूध और छत्तीसगढ़ में भूपेश राज में दारू मिले गोबर बेच कर पी। भूपेश बघेल सरकार ने तो गौ माता को भी नहीं छोड़ा। 2 रूपए में गोबर खरीद कर 10 रुपए में मिट्टी युक्त खाद किसानों को दी। इससे अच्छा होता कि सरकार किसानों से कहती की दो गड्ढे खोदें उसमें गाय का गोबर और भूसा और बचा चारा डालें और दो से तीन हफ़्ते में रसायन और यूरिया मुक्त खाद मिल जाती।
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाला, कोल घोटाला, पीएससी में घोटाला सब तरफ़ घोटाला ही घोटाला हुआ है। मोदी जी खुद ज़मीन से जुड़कर आम जनता के लिए काम कर रहे हैं। ठीक उसी तरह राजिम और बिंद्रानवागढ़ से जो भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रोहित साहू और गोवर्धन मांझी हैं दोनों जमीन से जुड़े हुए हैं। आप सभी को इनको अपना मत देकर जिताना है। उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपने पिछले विधानसभा चुनाव में एक प्रयोग किया और भारतीय जनता पार्टी को विपक्ष में बैठाया जिसे हमने स्वीकार किया और पांच साल तक आपकी आवाज़ बनकर सरकार की नीतियों के खिलाफ़ आंदोलन प्रदर्शन किया। 24 घंटे भाजपा कार्यकर्ता आपकी सेवा में लगा रहा। आपने कांग्रेस को सत्ता सौंपी तो कांग्रेस ने घोटालेबाजी की। उन्होंने सवाल किया कि क्या आप लोग फिर से ऐसी सरकार को छत्तीसगढ़ में बैठाना चाहेंगे ? महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि कांग्रेस ने सबको ठगा है ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी हैं। श्री साहू ने कहा कि जब गाड़ी पुरानी हो जाती हैं तो धुंआ फेंकने लगती हैं और हम उसको बदल देते हैं ठीक वैसे ही छत्तीसगढ़ से भूपेश बघेल सरकार को उखाड़ फेंकना है। आप सभी ने चारा घोटाला तो सुना होगा पर गोबर घोटाला देश में कभी नहीं सुना होगा। कांग्रेस आज भ्रष्टाचार की चिन्हारी बनकर रह गई हैं। छुरा और मैनपुर में एकलव्य विद्यालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुलवाया, सुपेबेड़ा में 72 करोड़ रुपए की लागत से अस्पताल बन रहा है। दूसरी तरह कांग्रेस ने गांव-गांव में शराब की दुकान खोल दी है। राजिम के जो कांग्रेस के विधायक हैं वो पांच साल में एक बार आते हैं पूरा समय रायपुर में रहते हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रोहित साहू यहीं के हैं। 17 नवंबर को हम सबको कमल फूल छाप पर बटन दबाकर दीवाली मनानी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने इसी क्षेत्र कुल्हाड़ी घाट को गोद लिया था पर आज उसकी दुर्गति हो गई हैं। आप सभी को छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने संकल्प लेना होगा।इस अवसर पर प्रवासी संभागीय संगठन प्रभारी बिहार के एमएलसी (विधायक) दिलीप जायसवाल, पूर्व केबिनेट मंत्री चंद्रशेखर साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जिला संगठन प्रभारी लक्ष्मी वर्मा, सहप्रभारी किशोर महानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश साहू, महामंत्री अनिल चंद्राकर, पुनीत राम सिन्हा, भागवत हरित, डॉ. श्वेता शर्मा, योगेश शर्मा, डॉ. आशीष शर्मा, गफ्फू मेमन, अजय रोहरा, मिलेश्वरी साहू, पारस ठाकुर, परस देवांगन सहित भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


