राजिम कुंभ की लौटेगी भव्यता, देशभर के साधु संत शामिल होंगे राजिम कुंभ कल्प में - MBNEWS

Home Top Ad

Wednesday, February 7, 2024

राजिम कुंभ की लौटेगी भव्यता, देशभर के साधु संत शामिल होंगे राजिम कुंभ कल्प में

गरियाबंद / राजिम कुंभ मेला प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पिछले दिनों राजिम कुंभ मेला आयोजन समिति की बैठक लेकर घोषणा की थी कि इस वर्ष 24 फरवरी से 8 मार्च तक आयोजित होने वाला राजिम कुंभ मेला तो राजिम में ही आयोजित होगा । लेकिन मीना बाजार, राजिम-चौबेबंधा मार्ग पर आरक्षित नये मेला स्थल पर लगेगा । महासमुंद के पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने मंत्री अग्रवाल की  इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले ही वर्ष में मेला मैदान के लिए राजिम-चौबेबंधा मार्ग पर 54 एकड़ जमीन आरक्षित तो जरूर कर दी थी, लेकिन इसे लेकर गंभीर नहीं थी । यही वजह रही कि 5 साल तक तत्कालीन  मुख्यमंत्री और मेला प्रभारी मंत्री राजिम के मुख्य मंच से हर बार यही बात कहते रह गए कि अगले वर्ष से नये मेला स्थल पर मेला लगेगा, लेकिन आखिरकार नये स्थल पर मेला नहीं लगा । अगर कांग्रेस सरकार गंभीरता दिखाते हुए इन 5 वर्षों में नये स्थल पर मेला शुरू कर चुकी होती तो शायद आज राजिम कुंभ मेले का नये और पुराने स्थल पर बंटवारा नहीं करना पड़ता । श्री साहू ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार नये स्थल पर मेला तो नहीं लगा पाई, लेकिन छत्तीसगढ़ की जागरूक जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर उन्हें मेलार्थी (मेले का मजा लेने वाला) जरूर बना दिया है । अब कांग्रेसी नये और पुराने, दोनों स्थलों पर लगने वाले मेले में सपरिवार आएं और लुत्फ उठाते हुए, काम कैसे किया जाता है, इस पर आत्मचिंतन करें । श्री साहू ने कहा कि अगले वर्ष से राजिम कुंभ मेला पूर्ण और भव्य रुप से नये मेला स्थल पर लगेगा, जिससे मेले के दौरान राजिम की जनता, विशेषकर मरीजों, को होने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी । मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को राजिम कुंभ मेले के स्वरूप को वापिस लौटाने के लिए धन्यवाद देता हूं ।