दो दिनों की भारी बारिश से कोपरा पाण्डुका क्षेत्र हुआ तरबतर,खेत बने तालाब,किसानों के चेहरे खिले - MBNEWS

Home Top Ad

Monday, July 6, 2026

दो दिनों की भारी बारिश से कोपरा पाण्डुका क्षेत्र हुआ तरबतर,खेत बने तालाब,किसानों के चेहरे खिले

 

गरियाबंद/राजिम/ कोपरा-जिला गरियाबंद कोपरा पाण्डुका अंचल क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ कृषि गतिविधियों को भी नई गति दे दी है। बारिश के चलते कोपरा पाण्डुका अंचल के खेत पानी से लबालब भर गए हैं और तालाब जैसे नजर आने लगे हैं। लंबे समय से अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे अब खिल उठे हैं।किसानों का कहना है कि समय पर हुई इस बारिश से धान की बुवाई और रोपाई का कार्य तेजी से शुरू होगा तथा इस वर्ष अच्छी फसल की उम्मीद बढ़ गई है।

लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई है।कोपरा के शासकीय स्कूल परिसर में पानी भर जाने से पूरा परिसर तालाब जैसा दिखाई देने लगा।इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो विद्यालय की नियमित गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं।
इधर क्षेत्र का प्रमुख जलस्रोत कोपरा एनीकट भी बारिश के पानी से भरने लगा है। एनीकट में पर्याप्त पानी पहुंचने से आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इससे भू-जल स्तर बढ़ने पेयजल संकट कम होने और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण किसान
चिंतित थे और कृषि कार्य प्रभावित हो रहा था। अब लगातार दो दिनों की अच्छी बारिश ने किसानों में नया उत्साह भर दिया है। खेतों में ट्रैक्टर चलने लगे हैं और कई स्थानों पर धान की रोपाई की तैयारियां शुरू हो गई हैं।किसानों ने भी समय पर हुई इस वर्षा को खरीफ फसलों के लिए लाभकारी मान रहे हैं।हालांकि भारी बारिश के कारण कुछ कच्चे मार्गों पर कीचड़ और
जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं।इसके बावजूद अधिकांश किसानों का मानना है कि कृषि के दृष्टिकोण से यह बारिश बेहद लाभदायक साबित होगी।क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह संतुलित बारिश होती रही तो इस वर्ष धान सहित अन्य खरीफ फसलों का उत्पादन बेहतर होगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने में मदद मिलेगी।