गरियाबंद /राजिम/ कोपरा - गरियाबंद जिला के शासकीय उच्चतर माधमिक स्कूल बच्चों ने सीमा पर दिन-रात देश की सुरक्षा में तैनात भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान,प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से लोहरसी स्कूल की छात्राओं ने एक प्रेरणादायक पहल की। रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार एवं स्नेहपूर्वक सजी हुई150 राखियां भारतीय सैनिकों को भेजीं।इस अनूठे प्रयास ने विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया और सभी ने जवानों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।विद्यालय की छात्राओं ने कहा कि देश के सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर सीमाओं की रक्षा करते हैं। ताकि देशवासी सुरक्षित जीवन जी सकें।ऐसे वीर जवानों के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करने का इससे बेहतर अवसर रक्षाबंधन का पर्व नहीं हो सकता।राखियों के साथ छात्राओं ने शुभकामना संदेश भीभेजे।जिनमें सैनिकों के उत्तम स्वास्थ्य दीर्घायु और सुरक्षित रहने की कामना की गई।विद्यालय प्राचार्य रवि शंकर अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम,सामाजिक जिम्मेदारी और सैनिकों के त्याग एवं बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ राखियां तैयार कीं और उन्हें आकर्षक ढंग से पैक कर भारतीय सेना तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना के योगदान और देश की सुरक्षा में उनकेअद्वितीय बलिदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी देश की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। ऐसे वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने भी सराहना की।उनका कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करती हैं। छात्राओं की इस पहल ने यह संदेश दिया कि देश के सैनिकअकेले नहीं हैं।बल्कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।रक्षाबंधन के अवसर पर भेजी गई इन 150 राखियों के माध्यम से लोहरसी स्कूल की छात्राओं ने भारतीय सैनिकों के प्रति अपने स्नेह सम्मान और विश्वास को व्यक्त करते हुए उन्हें यह संदेश दिया कि देश की हर बहन अपने वीर जवान भाइयों की सलामती और विजय की कामना करती है।




