राधा-कृष्ण मंदिर में पांच दिवसीय रामायण पाठ, कृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु - MBNEWS

Home Top Ad

Saturday, September 5, 2026

राधा-कृष्ण मंदिर में पांच दिवसीय रामायण पाठ, कृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु

गरियाबंद - नगर पंचायत कोपरा राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में न्यू भक्ति गड़ाही मानस परिवार के तत्वावधान में पांच दिवसीय रामायण पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया।धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर रामायण पाठ एवं कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।आयोजन के दौरान जन्माष्टमी पर्व को विशेष रूप से उत्साह और भव्यता के साथ

मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर राधा-कृष्ण मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल स्वरूप झांकी सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग कथा में आया श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण, राधे-राधे और नंद के आनंद भयो,जय कन्हैया लाल की जैसे जयकारों से गूंज उठा।
रामायण पाठ के साथ आयोजित कथा एवं प्रवचन में व्याख्याकार सविता गोस्वामी ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कृष्ण जन्म की कथा का वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के अवतार लेने के उद्देश्य माता देवकी और पिता वसुदेव के प्रसंग तथा कंस के अत्याचार से जुड़ी कथा को भक्तों के समक्ष रखा। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कथा के दौरान भक्ति गीतों और भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। बच्चों और महिलाओं में भी कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर खासा उत्साह रहा।आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय रामायण पाठ का उद्देश्य धार्मिक वातावरण का निर्माण करने के साथ ही लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और सनातन संस्कृति से जोड़ना है। रामायण पाठ और कृष्ण जन्मोत्सव जैसे आयोजनों से समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है।

आयोजन के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति एवं न्यू भक्ति गड़ाही मानस परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।बजरंग मानस परिवार,कोपेश्वर मानस परिवार,प्रगति मानस परिवार,तुलसी के राम मानस परिवार के टीम द्वारा पांच दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। मंदिर परिसर में भक्ति आस्था और उत्साह का ऐसा वातावरण बना रहा कि श्रद्धालु देर तक भगवान की भक्ति में लीन नजर आए।