गरियाबंद/ राजिम / कोपरा- दीपावली पर्व नजदीक आते ही कोपरा पाण्डुका अंचल में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति और लोकनृत्य सुवा की धूम देखने को मिल रही है। गांवों और कस्बों में छोटी-छोटी बच्चियों की टोलियां सुवा नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह रही हैं। दीपावली के त्योहार से पहले बच्चियां पारंपरिक गीतों की मधुर धुन पर सुवा नृत्य करते हुए घर-घर और दुकानों तक पहुंच रही हैं। उनके इस पारंपरिक आयोजन से पूरे अंचल में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा में सुवा नृत्य का विशेष महत्व है। यह नृत्य विशेष रूप से
महिलाओं और युवतियों द्वारा समूह में किया जाता है पारंपरिक रूप से मिट्टी या बांस से बने सुवा तोते को टोकरी में रखकर उसके चारों ओर गोल घेरा बनाकर नृत्य किया जाता है। तालियों की थाप और लोकगीतों के साथ प्रस्तुत किया जाने वाला यह नृत्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है।कोपरा पाण्डुका और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चियां समूह बनाकर मोहल्लों में निकल रही हैं। वे घरों के आंगन, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में पहुंचकर सुवा गीत गाती हैं तथा पारंपरिक अंदाज में नृत्य प्रस्तुत करती हैं। बच्चियों की टोली के पहुंचते ही घरों और दुकानों में उत्साह का माहौल बन जाता है। लोग भी उनके नृत्य का आनंद लेते हुए उत्साहवर्धन कर रहे हैं और उन्हें अपनी खुशियों में शामिल कर रहे हैं।नई पीढ़ी को लोकसंस्कृति से जोड़ने का प्रयास आधुनिकता के दौर में जहां नई पीढ़ी का झुकाव मोबाइल और आधुनिक मनोरंजन की ओर बढ़ रहा है।वहीं बच्चियों द्वारा सुवा नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाना सराहनीय पहल है। इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को अपनी मिट्टी, परंपरा और लोकगीतों से जोड़ने का काम करते हैं। बुजुर्गों का कहना है कि सुवा नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं।बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक मेल-मिलाप का भी प्रतीक है।दीपावली से पहले सुवा नृत्य की यह परंपरा गांवों में त्योहार की खुशियों को और बढ़ा देती है। बच्चियों की सामूहिक प्रस्तुति से ग्रामीण परिवेश में रौनक लौट आती है। घरों और दुकानों में पहुंचने वाली इन टोलियों का लोग स्वागत करते हैं। इस तरह दीपावली के आगमन के साथ ही कोपरा पाण्डुका अंचल लोकगीतों,तालियों की गूंज और सुवा नृत्य के रंग में रंगा नजर आ रहा है।स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी लोकपरंपराओं को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।ताकि आने वाली पीढ़ियां भी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को समझें और इसे जीवित रखें।बच्चियों के उत्साह और उमंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति आज भी गांवों की गलियों और घरों के आंगन में पूरी जीवंतता के साथ मौजूद है।


