(चन्दन साहू ) जिला गरियाबंद
धमतरी की 27 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
गरियाबंद : - गुरूवार शाम नेशनल हाईवे में पैरीनदी मालगांव पुल में तीन बाइक की जबर्दस्त भीड़त में एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वही घटना में पांच लोग घायल हो गए। जिसमें दो की स्थिति नाजुक है। जिसे तत्काल रायपुर रिफर किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना शाम 7 बजे के आसपास की है। पैरीनदी मांगलाव में दो बाइक में चार लोग गरियाबंद से राजिम की ओर जा रहे थे जिसकी सामने से गरियाबंद की ओर आ रहे बाइक से आमने सामने भीड़त हो गई। भीड़त इतनी जबर्दस्त थी कि एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि धमतरी जिले के सिहावा थाना अंतर्गत ग्राम उमरगांव के दो सगे भाई मुकेश ध्रुव (27) व नारायण ध्रुव पिता लखनलाल ध्रुव बाइक क्रमांक सीजी 05 एबी 1183 में गरियाबंद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बारूका के हिरेन्द्र पटेल पिता बिसहत पटेल (27) व वैभव लक्ष्मी पिता रामगोपाल सिन्हा (21) बाइक क्रमांक सीजी 04 एमडी 8365 व ग्राम भेजराडीह के पिता पुत्र हुम्मन सिंह पिता मानसिंग (40) व नारायण सिंह पिता हुम्म्न सिंह (14) गरियाबंद से राजिम की दिशा में जा रहे थें। तीनो की मालगांव में पुल में चिखली मोड़ के पहले जबर्दस्त भीड़त हो गई। जिसमें बाइक चला रहे धमतरी जिले के 27 वर्षीय युवक मुकेश ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। वही बारूका की 21 वर्षीय वैभव लक्ष्मी व भेजराडीह के 40 वर्षीय हुम्मन सिंह को गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें वैभव लक्ष्मी की स्थिति ज्यादा नाजुक बताई जा रही है। दोनो को तत्काल रायुपर रिफर किया गया। वही घटना में अन्य बाइक सवार को मामुली चोट आई है जिसका प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया।
इसके पहले घटना की सुचना मिलते ही तत्काल पुलिस और संजीवनी 108 मौके पर पहुची। संजीवनी 108 की मदद से घायलो को जिला अस्पताल पहुचाया गया। इस बीच घटना के बाद कुछ देर तक नेशनल हाईवे में दोनो तरफ वाहनो की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने घायलो को अस्पताल भेजने के बाद घटनास्थल को खाली कराया और वाहनो की आवाजाही तत्काल बहाल की। थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
लाकडाउन के बाद थाना क्षेत्र में पहली बड़ी घटना
ज्ञात हो कि लाकडाउन के दौरान आवाजाही बंद या कम होने के कारण सड़क दुर्घटना में काफी कमी आ गई थी। शुरू के तीन चार महिने एक भी दुर्घटना नही हुई थी। गुरूवार को हुई सड़क घटना मार्च में लाकडाउन के लगने के बाद छ महिने की अंतराल में सीटी कोतवाली थाना क्षेत्र की पहली बड़ी घटना है। इन छ महिनो में सड़क दुर्घटना की में किसी की मौत नही हुई थी।