आपके द्वार आयुष्मान’’ अभियान के तहत अब 31 अगस्त तक बनाया जायेगा निःशुल्क आयुष्मान कार्ड - MBNEWS

Home Top Ad

Tuesday, August 3, 2021

आपके द्वार आयुष्मान’’ अभियान के तहत अब 31 अगस्त तक बनाया जायेगा निःशुल्क आयुष्मान कार्ड

(चन्दन साहू ) जिला गरियाबंद 

गरियाबंद 03 अगस्त 2021/ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं डॉ खूबचंद स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ देने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के द्वारा गरियाबंद जिले में ‘‘आपके द्वार आयुष्मान‘‘ अभियान 30 अप्रैल तक संचालित था, परन्तु कोविड-19 के प्रसार को देखते हुए इस कार्य को स्थगित किया गया था, इसे अब पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन. नवरत्न द्वारा दी गई जानकारी अनुसार ‘‘आपके द्वार आयुष्मान‘‘ अभियान को पुनः प्रारंभ करते हुए 31 अगस्त 2021 तक विस्तार किया गया है। उक्त संबंध में संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जिले को निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। ऐसे हितग्राही जिन्होंने अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाये है। वे अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं मोबाईल नंबर के साथ जाकर अपने क्षेत्र के च्वॉइस सेंटरों में आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इससे हितग्राही आपातकालीन एवं आवश्यकता के आधार पर पंजीकृत शासकीय अथवा निजी चिकित्सालय में भर्ती होकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते है। जिन पात्र हितग्राहियों ने पूर्व में विभिन्न च्वाइस सेंटरों में अपना पंजीयन कराया है। वे उसी च्वाईस सेंटर से अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं च्वॉईस सेंटर द्वारा हितग्राही को भेजे गये मैसेज दिखाकर निःशुल्क प्लास्टिक (पी.वी.सी) आयुष्मान कार्ड प्राप्त कर सकते है। हितग्राहियों से अपील है कि कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए अपने संबंधित क्षेत्र के च्वाइस सेंटरों में जाकर आयुष्मान कार्ड 31 अगस्त 2021 तक जरूर बनवाये। जिसके अंतर्गत पात्रतानुसार प्राथमिकता एवं अंत्योदय वाले राशनकार्डधारी परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक चिकित्सा सहायता एवं अन्य राशनकार्डधारी परिवारों को 50 हजार तक की चिकित्सा सहायता राज्य के किसी भी पंजीकृत निजी एवं शासकीय चिकित्सालय मे प्रदान की जायेगी।