किसान हितैषी होने का ढोंग रचना बंद करें कांग्रेस सरकार - चुन्नीलाल साहू - MBNEWS

Home Top Ad

Sunday, January 30, 2022

किसान हितैषी होने का ढोंग रचना बंद करें कांग्रेस सरकार - चुन्नीलाल साहू

कालाबाजारी बंद कर रबी के लिए सहकारी समितियों से रसायनिक खाद की आपूर्ति कराए कांग्रेस, अन्यथा किसान हितैषी होने का ढोंग रचना बंद करें   - चुन्नीलाल साहू

गरियाबंद, /  महासमुंद लोक सभा के भाजपा सांसद चुन्नीलाल साहू ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर रसायनिक खाद की कालाबाजारी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ को पर्याप्त मात्रा में रसायनिक खाद की आपूर्ति की गई है, जिसे खुले बाजार में भेजकर कांग्रेस नेता और उनकी सरकार सहकारी समितियों में बनावटी अभाव बता रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के छत्तीसगढ़ सरकार को किसान हितैषी होने का ढोंग रचने वाली करार देते हुए कहा है कि राज्य सरकार के द्वारा कालाबाजार को दिए जा रहे संरक्षण के चलते किसान सहकारी समितियों में मिलने वाले रसायनिक खाद को अधिक दाम पर खरीदने मजबूर हैं। यदि वास्तव में रसायनिक खाद की कमी है तो खुले बाजार में इसकी उपलब्धता कैसे हो रही है, जांच कराई जाए।

 सांसद साहू का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में शासन और प्रशासन की मिलीभगत के चलते सहकारी समितियों में मिलने वाले 267 रुपए के यूरिया खाद को खुले बाजार से 600 रुपए में खरीद रहे हैं। इसी प्रकार 1200 रुपए का डीएपी 1600 से1700 रुपए, 340 रुपए का राखड़ 500 रुपए तथा 1000 रुपए में बिकने वाला पोटास 1500 रुपए में बेचा जा रहा है। 

सांसद ने खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए किसानों को उचित दाम पर सहकारी समितियों के माध्यम से रसायनिक खाद उपलब्ध कराने कहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि सहकारी समितियों में किसानों को वर्मी कम्पोस्ट खाद खरीदने की बाध्यता को खत्म किया जाए, रबी फसल के लिए किसानों को जिस भी रसायनिक खाद की आवश्यकता है वह सुगमता पूर्वक उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि किसान आए दिन प्राकृतिक आपदाओं से पीडित होते रहते हैं, ऐसी स्थिति में उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करना उचित नहीं होगा। यदि वास्तव में राज्य की सरकार किसान हितैषी होने का दावा करती है तो खाद की उपलब्धता के लिए व्यापारियों का खजाना भरने में मदद न करे।