आत्मानंद स्कूल राजिम में आज से मध्यान्ह भोजन प्रारंभ - MBNEWS

Home Top Ad

Wednesday, November 2, 2022

आत्मानंद स्कूल राजिम में आज से मध्यान्ह भोजन प्रारंभ

गरियाबंद / राजिम : स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम राम विशाल पांडेय स्कूल राजिम के विद्यार्थियों को भी आज से केंद्र सरकार की महती योजना मध्यान्ह भोजन का लाभ अब प्रतिदिन मिलेगा। आज मध्यान भोजन का पहला दिन था। मध्यान्ह भोजन के प्रति विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इसकी जानकारी शिक्षकों के द्वारा स्कूल के बच्चों को दो दिन पहले से ही दे दी गई थी।

मध्यान्ह भोजन वितरण के प्रथम दिन स्वामी आत्मानंद स्कूल राजिम के प्राचार्य संजय एक्का ने स्वयं भी बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।

उल्लेखनीय है कि यद्यपि इस विद्यालय को प्रारंभ हुए दो महीना बीत चुके हैं लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से मध्यान्ह भोजन प्रारंभ नहीं किया जा सका था। प्राचार्य संजय एक्का अक्टूबर में अपनी पदस्थापना के बाद से ही मध्यान्ह भोजन प्रारंभ करवाने के प्रयास में जुट गए थे। मध्यान भोजन प्रारंभ करने में आने वाली तकनीकी समस्याओं को सुलझाने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी फिंगेश्वर चंद्रशेखर मिश्रा, संकुल सामन्वयक राजिम सुभाष शर्मा एवं विद्यालय के व्याख्याता  संतोष सूर्यवंशी निरंतर प्रयास में रहे। अंततः मां परमेश्वरी महिला स्व सहायता  समूह राजिम को मध्यान्ह भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। प्राचार्य संजय एक्का  ने स्व सहायता समूह को स्पष्ट कर दिया है की मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। गुणवत्ता परिक्षण हेतु दो शिक्षकों को जिम्मेदारी दे दी गयी है।