कोपरा में पंचकोशी यात्रियों के स्वागत में उमड़े
पंचकोशी धाम कोपरा प्रमुख तीर्थ स्थल - सरपंच योगेश्वरी साहू
गरियाबंद / राजिम / कोपरा- सोमवार को पंचकोशी धाम कोपरा के कर्पूरेश्वरनाथ महादेव श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। सुबह से ही पंचकोशी यात्रियों के आने का क्रम शुरू हो गया। जैसे ही गांव में पहुंचे ग्राम वासियों ने गुलाल लगाकर फूल भेंट कर स्वागत किया। जगह-जगह चाय नाश्ता का भी इंतजाम किए गए। बताना जरूरी है कि रविवार को पंचकोशी यात्री फिंगेश्वर में ठहरे हुए थे। सोमवार को सुबह निकलें। वह बोरसी, बहेरापाल,कोलिहाटाड,कौंदकेरा,देवरी,जेंजरा,मुडतराई होते हुए सीधा कोपरा पहुंचे। इस दरमियां रास्ते में ही गांव वाले ने पंचकोशी यात्रियों के स्वागत में रामधुनी कार्यक्रम का आयोजन किए गए साथ ही चाय बिस्किट दाल चावल सब्जी इत्यादि भेंट करते रहे। पंचकोशी यात्री भी राम सियाराम का उच्चारण करते हुए एक एक पाव उठा रहे थे। आज यात्रियों का दुखदाई स्थिति देखने को मिला। कई ऐसे यात्रीगण थे जिनके पांव में छाले पड़ गए थे उनको पैदल चलने में बड़ी दिक्कत हो रही थी लेकिन
वह ईश्वर नाम को उच्चारण करते हुए आगे बढ़ रहे थे उनका कहना था कि जहां शिव है वही जीव है शिव के धाम जाने के लिए यदि तकलीफ मिले तो हम उसे सहन कर लेंगे और भोलेनाथ का धाम हम जरूर पहुंचेंगे। लिंग पुराण में पैदल यात्रा को बहुत शुभ बताया गया है। स्नान उपरांत कर्पूरेश्वरनाथ महादेव ने जलाभिषेक किया गया। बिल्वपत्र धतूरा कनेर एवं नारियल चढ़ा पूजन आरती की गई। मंदिर प्रांगण में हर हर महादेव का जयघोष हुआ। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष योगेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोपरा शिव का धाम है यहां आने के बाद श्रद्धालु अपने आपको प्रसन्न पाते हैं। कमल की पांच पंखुड़ी पर यह पंचकोशी धाम स्थापित हुआ है उसमें से यह प्रमुख धाम है। सरपंच योगेश्वरी साहू ने कहा कि कोपरा प्रमुख शिव का तीर्थ स्थल है पंचकोशी धाम के रूप में इनकी प्रसिद्धि दूर-दूर तक है। हमारी प्रयास है कि हम यात्रियों को जो सुविधा दे सकें हरसंभव देने का प्रयास करेंगे। कोपरा में आए सभी पंचकोशी यात्रियों का हम स्वागत करते हैं। कोपेश्वर मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष मुन्नालाल देवदास ने कहा कि यहां का शिवलिंग कपूर के समान उज्जवल है भगवान भोलेनाथ को कर्पूरगौरम शब्दों के साथ स्मरण किया जाता है। वैसे भी इस ग्राम की स्थापना भगवान भोलेनाथ के डमरु के आकार पर हुआ है। पंचकोशी पीठाधीश्वर सिद्धेश्वरानंद महाराज ने कहा कि आने वाले वर्षों में पंचकोशी यात्रा के लिए प्रचार प्रसार किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस यात्रा का लाभ लें। क्षेत्र में ही 300 के लगभग गांव आते हैं प्रत्येक गांव से 10 आदमी भी निकले तो संख्या बढ़ जाएगी और ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिलेगा। साहित्यकार संतोष कुमार सोनकर मंडल ने कहा कि कमल की पांच पंखुड़ी पर पंचकोशी धाम का निर्माण हुआ है। शिवजी शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता हैं। मैन के भक्ति करने से निश्चित रूप से शक्ति मिलती है। राजिम क्षेत्र हमेशा से ही तीर्थ यात्रियों के लिए वरदान रहा है जहां हरि और हरविराजमान होकर भक्तों को आशीर्वाद दे रहे हैं। उनकी कृपा से क्षेत्र में समृद्धि फैली है।कार्यक्रम में सचिव ओंकार सिंह ठाकुर ने आभार प्रकट किया तथा प्रमुख रूप कमलेश साहू,चन्दन साहू,खेलू साहू,थनेश्वर साहू,खिलेश्वर गोस्वामी,गणेश साहू, वैदराज, रामलाल सोनवानी, नारायण लाल साहू, गोवर्धन निर्मलकर, केजू राम साहू, चंद्रभूषण साहू, सियाराम साहू एवं शिव शक्ति दुर्गा उत्सव समिति साहू पारा तथा साहू समाज परिक्षेत्र कोपरा का भी विशेष योगदान रहा।यज्ञ कुंड में गूंजे स्वाहा स्वाहा
पंडित उपकार शुक्ला के मंत्रोचार के साथ यज्ञ किया गया उपस्थित पंचकोशी यात्रियों एवं ग्राम वासियों ने आहुतियां डाली तथा स्वाहा स्वाहा गूंजते रहे। मंत्रोचार तथा सांखला के जलने से पूरा माहौल सुगंधित हो गया। यात्रियों के लिए हलवा पूड़ी इत्यादि खाद्य पदार्थ वितरण किया गया।
रामधुनी मंडली ने दी प्रस्तुति
पूरे गांव में रामधुनी मंडली प्रस्तुति देते रहे मंदिर स्थल पर दोपहर से शुरु राम नाम संकीर्तन मंडली के द्वारा रात्रि 12:00 बजे तक तथा गांव के गांधी चौक में भी रामधुनी की प्रस्तुति होती रही लोग झूम कर नाचे और राम भक्ति में खो गए। पंचकोशी धाम का पांचवा पड़ाव कोपरा में मेले जैसा माहौल मंदिर में दर्शन करने के लिए उपस्थित हुए। जनप्रतिनिधि से लेकर आम श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थित होते रहे। मंगलवार को पंचकोशी यात्रीगण सुबह लफंदी स्थित अवघड़नाथ महादेव के लिए पहुंचेगी।



