श्रीराम कथा एवं रामचरितमानस के ज्ञान से विद्यार्थियों को कराया गया परिचित
गरियाबंद / राजिम - व्याख्या प्रभाग बागबाहरा एवं मानस प्रशिक्षण समूह खिसोरा के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय मानस प्रशिक्षण कार्यक्रम नवापारा में आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्य ओडिशा के विभिन्न जिलों से आए 124 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में श्रीराम कथा, रामचरितमानस तथा भारतीय संस्कृति और संस्कारों के प्रति रुचि एवं समझ विकसित करना रहा।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आचार्य चिंता राम सेन,प्रेम लाल साहू,डॉ लोकेश साहू,राम दयाल साहू द्वारा विद्यार्थियों को श्रीराम कथा एवं रामचरितमानस के विभिन्न
प्रसंगों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।आचार्य ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र,उनके आदर्शों, मर्यादा,सत्य,त्याग, सेवा,कर्तव्य एवं संस्कारों पर विशेष प्रकाश डालते हुए बताया कि रामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला ज्ञान का महत्वपूर्ण स्रोत है।
मानस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को रामचरितमानस के विभिन्न कांडों, चौपाइयों एवं प्रसंगों का अध्ययन कराया गया। साथ ही चौपाइयों के भावार्थ और उनके व्यवहारिक जीवन में महत्व को भी समझाया गया।प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने आचार्य से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं के संबंध में प्रश्न भी पूछे।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के अलग-अलग जिलों से विद्यार्थियों की सहभागिता रही। विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों के एक साथ प्रशिक्षण में शामिल होने से कार्यक्रम में आपसी संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का वातावरण भी बना। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को मानस गायन,कथा एवं रामचरितमानस के अध्ययन के प्रति प्रेरित किया गया।आचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार तथा महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ना आवश्यक है। श्रीराम का जीवन हमें सत्य,मर्यादा, अनुशासन और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
रामचरितमानस में वर्णित आदर्शों को जीवन में आत्मसात कर समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।मानस प्रशिक्षण बागबाहरा समूह खिसोरा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से मानस के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में उतारने तथा अन्य लोगों तक भी रामचरितमानस के संदेश को पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।


