मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज करने विशेष थाना प्रभारी आजाक को ज्ञापन सौंपा - MBNEWS

Home Top Ad

Friday, November 26, 2021

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज करने विशेष थाना प्रभारी आजाक को ज्ञापन सौंपा

(चन्दन साहू ) जिला गरियाबंद 

गरियाबंद /  भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदेव साय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने पर अजा और अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज करने विशेष थाना प्रभारी आजाक को ज्ञापन सौंपा। 

इस आशय के शिकायत दर्ज कराने भाजपा जिला महामंत्री अनिल चंद्राकर , अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्यारे सिंह दीवान, मोर्चा के जिला प्रभारी पारस ठाकुर, जिला महामंत्री अभिमन्यु  ध्रुव, पार्षद एवं भाजयुमो जिला कोषाध्यक्ष वंशगोपाल सिन्हा पहुंचे थे।

सौंपा गए शिकायत में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष  विष्णुदेव साय जो कि पूर्व में केंद्रीय राज्यमंत्री के पद पर रहे हैं, तथा सत्ता एवम् संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर दायित्वों का निर्वहन किये हैं। श्री साय  एक लोकप्रिय आदिवासी जननेता हैं और कंवर जनजाति समाज से आते हैं, जिसकी जानकारी सभी राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता एवम् नेताओं को है।

यह कि, दिनांक 23.11.2021 को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा यह जानते हुए कि  विष्णुदेव साय जनजाति समाज के हैं, फिर भी पत्रकारों के पूछे गये सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के ऊपर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के उद्देश्य से यह कहा कि "यदि जिनके दिमाग में गोबर भरा है तो हमने खोज लिया है कि उससे भी बिजली जलाया जा सकता है।"  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा हमारे आदिवासी समाज के प्रमुख नेता को अपमानित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक रूप से अभद्र एवम् ओछी टिप्पणी किया गया है, जिससे पूरा आदिवासी समाज अपमानित महसूस कर रहा है।
अजा और अजजा अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3 (x) के अनुसार जो कोई, अनुसूचित जाति अथवा जनजाति का सदस्य नहीं है, "जनता को दृष्टिगोचर किसी स्थान में अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति के किसी सदस्य का अपमान करने के आशय से उसको अपमानित या अभित्रस्त करेगा"; के अनुसार अपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कठोर कार्यवाही कर संविधान द्वारा प्रदत्त हमारे जनजाति समाज के अधिकारों को सुदृढ़ता प्रदान करने का आग्रह किया गया है।